लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला किया है। योजना का लाभ लेने वाली या इसके लिए पंजीकरण करवाने वाली महिलाओं को दूसरी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा। उनकी पेंशन और अन्य सरकारी सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।

लाडो लक्ष्मी योजना

हरियाणा सरकार की दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं को किसी अन्य सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा।

कुछ महिलाओं के बीच यह भ्रम फैल रहा था कि लाडो लक्ष्मी योजना में पंजीकरण करवाने के बाद दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ बंद हो जाएगा। सरकार की ओर से इसे गलत बताया गया है। महिलाओं को दूसरी सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ पहले की तरह मिलते रहेंगे।

लाडो लक्ष्मी योजना आय सीमा

लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पहले परिवार की अधिकतम वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। अब इस आय सीमा को बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया जा रहा है।

आय सीमा बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में अतिरिक्त महिलाएं इस योजना के दायरे में आ सकती हैं। इसके लिए जल्द ही नया पंजीकरण पोर्टल खोला जाएगा, जिसके माध्यम से पात्र महिलाएं योजना के लिए आवेदन कर सकेंगी।

हर महीने मिलेंगे 2100 रुपये

लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार की ओर से पहले बजट में योजना के लिए 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।

अब तक करीब 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। वहीं दूसरे बजट में इस योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।