हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर बड़ी अपडेट आ रही है। अब पीपीपी में तीन अहम प्रक्रियाएं पूरी होने पर नागरिकों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस अलर्ट भेजा जाएगा। बता दें कि राज्य सरकार की तरफ से पीपीपी से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाने और नागरिकों को सुविधा देने के लिए यह कदम उठाया गया है।
परिवार पहचान पत्र में एसएमएस अलर्ट की सुविधा
परिवार पहचान पत्र से संबंधित तीन प्रक्रियाएं पूरी होने पर नागरिकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर सूचित किया जाएगा। इससे लोगों को पीपीपी में होने वाले बदलावों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और उन्हें बार-बार पोर्टल पर जाकर जानकारी चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पीपीपी में किन तीन प्रक्रियाओं पर मिलेगा अलर्ट?
पीपीपी से संबंधित जिन तीन प्रक्रियाओं के पूरा होने पर एसएमएस अलर्ट भेजने की व्यवस्था शुरू की गई है, उनमें नॉनमैन आईडी बनना, परिवार पहचान पत्र तैयार होना और परिवार में नए सदस्य का जुड़ना शामिल है। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने पर नागरिकों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर जानकारी दी जाएगी।
सरकार ने क्यों शुरू की यह सुविधा?
इस व्यवस्था का उद्देश्य परिवार पहचान पत्र से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाना और नागरिकों को समय पर जानकारी उपलब्ध करवाना है। एसएमएस अलर्ट मिलने से लोगों को यह पता चल सकेगा कि उनके परिवार पहचान पत्र से संबंधित प्रक्रिया पूरी हो गई है। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (एचपीपीए) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि सीएम नायब सैनी के निर्देशानुसार यह पहल की गई है।





